सोमनाथ सोनकर
बस्ती में नकल के आरोप में दो विद्यालयों की मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई शुरू हो गई है। शासन के निर्देश पर जिले से आरोपी विद्यालयों के खिलाफ रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। शासन के इस निर्णय से नकल माफियाओं में खलबली है।
राकेश कुमार मिश्र मीरा देवी इंटर कॉलेज केवटली बस्ती में तीन मार्च को होने वाले इंटर अर्थशास्त्र के प्रश्नपत्र को 24 फरवरी को ही खोल दिया गया। केंद्र व्यवस्थापक अंजनी देवी, राहुल मिश्र, लिपिक राम पूजन, सहायक अध्यापक कुसुम मिश्रा, सौरभ शुक्ला के खिलाफ दुबौलिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। अब यहां के सीसीटीवी फुटेज में भी सामूहिक नकल पकड़ी गई और दूसरा मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी चल रही है।
श्रीराम प्यारे चौधरी इंटर कॉलेज रेहरवा नकटीदेई कप्तानगंज में 26 फरवरी शाम की पाली में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हर्रैया पीसी मीणा ने नकल की सूचना पर छापेमारी की। एक कमरे का सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सामूहिक नकल होते पकड़ा। उत्तर पुस्तिकाओं के मिलान से सामूहिक नकल की पुष्टि हुई। स्टैटिक मजिस्ट्रेट ने केंद्र व्यवस्थापक कृष्ण कुमार चौधरी व कक्ष निरीक्षक विनोद कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर गिरफ्तार कर लिया गया। डीआईओएस कार्यालय से घटनाओं के विवरण के साथ इन दोनों विद्यालयों की मान्यता समाप्त किए जाने की संस्तुति की है। विभाग का कहना है कि प्रबंधन को जल्द ही नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाएगा। मान्यता समाप्त किए जाने की कार्रवाई सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्तर से की जाएगी।
Share To:

Post A Comment: