लखनऊः कोरोना वायरस के बढ़ते कहर को देखते हुए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। उत्तर प्रदेश के कुल 15 जिलों के हाॅट स्पाॅट को आज यानी की बुधवार रात से सील कर दिया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सील होने वाले 15 इन जिलों को कोरोना वायरस के हाॅट स्पाॅट इलाके के रूप में चिन्हित किया गया है। बता दें कि आज रात 12 बजे के बाद से कोई भी इन इलाकों में अपने घर से बाहर बिल्कुल भी नहीं निकल पायेगा।
आज रात 12 बजे के बाद से लखनऊ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, आगरा, कानपुर, वाराणसी, शामली, मेरठ, सीतापुर, बरेली, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, बस्ती, सहारनपुर और महाराजगंज के जिन इलाकों में कोरोना का मरीज पाए गए हैं वो 13 अप्रैल तक के लिए सील कर दिए जाएंगे।
बता दें कि आगरा में 22 हॉटस्पॉट, गाजियाबाद में 13, गौतमबुद्धनगर में 12, कानपुर में 12, वाराणसी में 4, शामली में 3, मेरठ में 7, बरेली में 1, बुलंदशहर में 3, बस्ती में 3, फीरोजाबाद में 3, सहारनपुर में 4, महाराजगंज में 4, सीतापुर में 1 और लखनऊ में 8 बड़े और 4 छोटे हॉटस्पॉट चिह्नित किये गए हैं।
गौरतलब हो कि कोरोना से जंग जारी है। लाॅकडाउन की समयसीमा समाप्त होने में कुछ ही दिन और बचे हैं। ऐसे में जिस प्रकार से देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं उसे देखते हुए देश की कई राज्य सरकारों ने लाॅकडाउन के समय को बढ़ाने के संकेत दे चुके हैं। इसी बीच देश में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 5000 के पार पहुंच गई है। वहीं अब तक देश में कुल 125 लोगों की मौत हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में अब तक कोरोना वायरस के 350 मामलों की पुष्टी हुई है। इसमें तबलिगी जमात के कुल करीब 193 लोग शामिल हैं।


Post A Comment: