कोरोना वायरस ने गोरखपुर में भी दस्तक दे दी है। उरुवा के हाटा बुजुर्ग निवासी एक व्यक्ति में रविवार की रात में संक्रमण की पुष्टि हुई है। उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बीआरडी के प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि हाटा बुजुर्ग निवासी बाबूलाल को रविवार की शाम करीब सात बजे परिजन एम्बुलेंस से लेकर पहुंचे। उसकी सांस फूल रही है। सीने में दर्द की शिकायत थी। वह बीपी और शुगर का मरीज है। उसकी हालत को देखकर डॉक्टरों ने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया। फौरन गले से लार का नमूना कोरोना जांच के लिए भेजा गया।
सीबीनेट से जांच में हुई तस्दीक
प्राचार्य ने बताया कि मरीज की हालत को देखते हुए उसके सैम्पल की सीबीनेट मशीन से जांच करने का फैसला किया गया।
आज ही दिल्ली से लौटा है बाबूलाल
प्राचार्य ने बताया कि बाबूलाल रविवार को ही दोपहर में दिल्ली से लौटा है। तीमारदारों ने बताया कि दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में शुगर और बीपी के इलाज के लिए भर्ती था। घर पर शाम पांच बजे तबीयत खराब हुई। सबसे पहले पीएचसी उरुवा ले जाया गया, वहां से जिला अस्पताल फिर बीआरडी लाया गया।
बोले कमिश्नर
दिल्ली से रविवार को लौटा हाटा बुजुर्ग का रहने वाला एक व्यक्ति जांच में वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज शुरू हो गया है। साथ ही वह गांव में किन-किन लोगों से मिला इन सब की जानकारी जुटाई जा रही है। एक व्यक्ति संक्रमित के साथ आया था, उसे आइसोलेट कर दिया गया है। साथ सभी जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जयंत नार्लीकर, कमिश्नर


Post A Comment: