नयी दिल्ली- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री सुश्री शेख हसीना के साथ आज फोन पर बातचीत की।
श्री मोदी ने ईद-उल-फित्र के मौके पर प्रधानमंत्री शेख हसीना और बांग्लादेश के लोगों को शुभकामनाएं दी।
दोनों नेताओं ने चक्रवाती तूफान अम्फान के कारण उनके यहां हुए नुकसान के आकलन को एक दूसरे के साथ साझा किया। उन्होंने कोरोना महामारी के कारण उत्पन्न स्थिति और इस बारे में दोनों देशों के बीच जारी सहयोग पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने इन चुनौतियों का सामना करने में बांग्लादेश को भारत की ओर से मदद जारी रखने का आश्वासन दिया।
श्री मोदी ने प्रधानमंत्री शेख हसीना और वहां के लोगों को अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।
प्रधानमंत्री ने अबु धाबी के शाहजादा शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ भी आज टेलीफोन पर बात की और ईद-उल-फित्र के मौके पर सरकार और संयुक्त अरब अमीरात के लोगों को शुभकामनाएं दी।
दोनों नेताओं ने कोरोना महामारी के कारण उत्पन्न हालात में दोनों देशों के बीच प्रभावी सहयोग पर संतोष जाहिर किया। प्रधानमंत्री ने संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय नागरिकों को मदद पहुंचाने के लिए शाहजादा नाहयान को धन्यवाद दिया।
श्री मोदी ने शाहजादा, शाही परिवार और संयुक्त अरब अमीरात के लोगों को अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।


Post A Comment: