मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला-
घर के पास मिला इलाज, जाना सेहतमंद बनने का राज
- प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं के साथ गर्भवती, बाल, किशोर स्वास्थ्य से जुड़ी जांच पर रहा खास जोर
- दो शहरी स्वास्थ्य केंद्रों समेत कुल 40 पीएचसी पर हुई सेहत की मुफ्त जांच
- नगरीय हेल्थ पोस्ट बरदहिया में विधायक दयाराम चौधरी ने किया शुभारंभ
बस्ती। जनपद के लिए रविवारीय अवकाश का दिन सेहत की दृष्टि से बेहद खास रहा। दूर दराज के इलाकों व मलिन बस्तियों में रहने वाले करीब 3586 लोगों को इस दिन सेहत का वरदान मिला। मौका था मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के आगाज का। इस पहले आरोग्य मेले में जिले की दो नगरीय पीएचसी समेत कुल 40 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर निशुल्क जांच व इलाज की सुविधा दी गई। नगरीय हेल्थ पोस्ट बरदहिया में मेले का शुभारंभ विधायक दयाराम चौधरी ने किया तो ग्रामीण क्षेत्रों में भी क्षेत्रीय विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों ने मेले का उद्घाटन किया। मेले में मौसमी बुखार की जांच के अलावा प्रजनन स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के साथ गर्भवती, बाल और किशोर स्वास्थ्य से जुड़ी जांच पर खास जोर रहा।
मेले का शुभारंभ करते हुए विधायक ने कहा कि इस आयोजन में निजी क्षेत्र के चिकित्सकों को भी आगे आना चाहिए। प्रयास हो कि मेले में वह सभी सुविधाएं एक ही जगह पर लोगों को मिल जाएं जिसके लिए उन्हें बाकी दिनों में कामकाज छोड़कर अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। विधायक ने आश्वासन दिया कि नगरीय हेल्थ पोस्ट के लिए जल्द ही जमीन मुहैया कराई जाएगी, जिससे उस पर मानक के अनुरूप अस्पताल का निर्माण हो सके। वर्तमान में किराए के मकान में अस्पताल चलाया जा रहा है। सीएमओ डॉ. जेपी त्रिपाठी ने बताया कि 38 ग्रामीण पीएचसी व दो अरबन हेल्थ पोस्ट पर मार्च तक लगातार प्रत्येक रविवार को कुल नौ स्वास्थ्य मेले लगाए जाने हैं।
Share To:

Post A Comment: