शामली। झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव टपराना की जिस घटना को पुलिस ने एक दिन पहले बेहद हल्के में लिया था, उसने बीती रात गंभीर रूख अख्तियार कर लिया। गौकश जिला बदर को दोबारा गिरफ्तार करने पहुंची झिंझाना थाना पुलिस पर टपराना के सैकड़ों ग्रामीणों ने हमला बोल कर जिला बदर को हिरासत से छुड़ा लिया था। हमले में तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए। साथ ही, पुलिस की 2 गाडिय़ां क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद आला पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस ने धरपकड़ करते हुए 30हमलावरों को हिरासत में ले लिया। झिंझाना थाने पर 45 नामजद और 80-90अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मंगलवार की रात में थाना झिंझाना पुलिस द्वारा ग्राम टपराना में एक जिलाबदर गौकश की गिरफ्तारी के लिए दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया गया था ।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि गांव टपराना प्रकरण में झिंझाना थाने पर 45 नामज़द तथा 80-90 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध गम्भीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। शेष अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गयी हैं। घायल पुलिस कर्मियों को हल्की चोटें हैं तथा सभी ख़तरे से बाहर हैं। गांव में एतिहातन पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और स्थित पूरी तरह नियंत्रण में है। दूसरी ओर, ग्रामीणों ने पुलिस पर दबिश के नाम पर घरों में तोडफ़ोड़ के आरोप लगाए हैं। बता दें, की सोमवार की रात में भी झिंझाना थाने के एक सब इंस्पेक्टर ने गांव टपराना में जिला बदर गौकश अफजाल की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि अफजाल ईद पर अपने गांव में घर पर आया हुआ है। दबिश के दौरान पुलिस पर महिलाओं ने पथराव किया था लेकिन पुलिस ने इससे इंकार कर दिया था।


Post A Comment: