देश भर में अर्थव्यवस्था पर पड़ी कोरोना की मार से उबरने के लिए राज्यों सरकारों ने शराब को हथियार बनाया है. केंद्र सरकार की ओर से लॉकडाउन में भी शराब की बिक्री की अनुमति मिलने के बाद राज्यों में इसके दाम बढ़ाने को लेकर एक तरह से होड़ लग गई है. दो दिन पहले दिल्ली में शराब पर स्पेशल कोरोना टैक्स लगाए जाने के बाद पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश ने भी इसकी कीमत में 400 रुपये प्रति बोतल तक की वृद्धि की है. दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने शराब के दाम 70 फीसदी तक बढ़ा दिए.बुधवार को उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने भी इसके दाम में भारी बढ़ोतरी की घोषणा की.
राज्य सरकार ने इसके साथ ही पेट्रोल-डीजल के भी दाम बढ़ा दिए. आज यानी गुरुवार से उत्तर प्रदेश में हर ब्रांड की शराब महंगी हो गई है. आइए हम आपको बताते हैं रेट लिस्ट….
1. राज्य में देसी शराब पर पांच रुपये की वृद्धि की गई है. अब 65 रुपये की बोतल 70 रुपये में जबकि 75 वाली 80 रुपये में मिलेगी.
2. विदेशी मदिरा की इकॉनमी और मीडियम क्लास में 180 मिलीलीटर (एमएल) तक 10 रुपये की वृद्धि.
3. 180 से 500 एमएल तक 20 रुपये और 500 एमएल से अधिक की बोतल पर 30 रुपये की वृद्धि.
4. रेगुलर और प्रीमियम श्रेणी में 180 एमएल तक 20 रुपये, 180 से 500 तक 30 रुपये और 500 एमएल से अधिक पर 50 रुपये की वृद्धि.
5. आयातित शराब की 180 एमएल तक की बोतल पर 100 रुपये की वृद्धि.
6. आयातित शराब की 500 एमएल तक 200 और 500 एमएल से अधिक की बोतल पर 400 रुपये की वृद्धि
राज्य सरकार ने इन दामों को तत्काल प्रभाव से बुधवार से ही लागू कर दिया. शराब के दाम में इस वृद्धि से राज्य सरकार को मौजूदा वित्तीय वर्ष में 2350 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आमदनी होगी. 22 मार्च से जारी लॉकडाउन की वजह से उत्तर प्रदेश सरकार की आर्थिक सेहत चरमरा गई है. अप्रैल में 12141 करोड़ रुपए कर की डिमांड थी, जिसके सापेक्ष संग्रहण केवल 1178 करोड़ रुपए हुआ, जो कि 10 फीसदी से भी कम है
Share To:

Post A Comment: