देश के एक बड़े हिस्से में मॉनसून ने दस्तक दे दी है. यूपी भी इससे अछूता नहीं है. दक्षिणी-पश्चिमी मॉनसून प्रदेश के अंधिकांश हिस्सों में पहुंच गया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर प्रदेश में अगले एक हफ्ते तक अच्छी बारिश हो सकती है. इसी बीच लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केन्द्र ने बताया है कि कानपुर, गोरखपुर व बनारस समेत उत्तर प्रदेश के 15 जिलों में अगले तीन घंटे में गरज के साथ बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के लखनऊ केन्द्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले तीन घंटे में कानपुर, फर्रुखाबाद, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, गोरखपुर, आजमगढ़, प्रतापगढ़, संत रविदास नगर, वाराणसी व मिर्जापुर जिले में और आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार 25 जून से शनिवार 27 जून के बीच प्रदेश में कहीं हल्की, कहीं सामान्य व कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. गुरुवार 25 जून को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की चेतावनी भी जारी की गई है.
पिछले कुछ दिनों से पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में व पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर बारिश हो रही है या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ रही हैं. इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिक 8 सेमी बारिश इटावा में दर्ज की गई. इसके अतिरिक्त आजमगढ़ में 7, बहराइच जिले कतिर्नियाघाट, बांदा के अतर्रा में 5-5, फिरोजाबाद के शिकोबाद, बस्ती व अकबरपुर में 4-4 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई.


Post A Comment: