नई दिल्ली -प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महानगरों विशेष रूप से राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण के निरंतर बढते मामलों को देखते हुए स्थिति से निपटने के लिए समन्वित और समग्र योजना बनाने को कहा है।
श्री मोदी ने स्वास्थ्य मंत्रालय से राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के साथ मिलकर आपात योजना बनाने को भी कहा है।
प्रधानमंत्री ने अगले सप्ताह राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक से पहले आज यहां वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ देश भर में कोरोना महामारी की स्थिति और इससे निपटने के लिए किये जा रहे उपायों तथा तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण की मौजूदा और उभरती तथा अगले दो महीने की स्थिति की भी चर्चा की गयी।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा हर्षवर्धन , प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, कैबिनेट सचिव, स्वास्थ्य सचिव, आईसीएमआर के महानिदेशक और अधिकार प्राप्त समूहों के संयोजकों ने बैठक में हिस्सा लिया।
बाद में श्री मोदी ने टि्वट किया , " एक उच्च स्तरीय बैठक में देश भर में कोरोना की स्थिति की समीक्षा की। हमने ज्यादा मामलों वाले क्षेत्रों में महामारी से निपटने के लिए भविष्य के रोडमेमैप और उपायों की भी समीक्षा की। "
नीति आयोग के सदस्य और मेडिकल इमरजेंसी प्रबंधन योजना से संबंधित अधिकार प्राप्त समूह के संयोजक डा विनोद पॉल ने देश में महामारी की मौजूदा स्थिति और भविष्य के परिदृश्य के संबंध में विस्तार से प्रस्तुति दी। यह बताया गया कि कुल मामलों में से दो तिहायी पांच राज्यों में हैं जिनके बड़े शहरों में संक्रमण के मामले बहुत ज्यादा हैं। बड़े शहरों में बढती चुनौती से निपटने के लिए नमूनों की जांच की संख्या बढाने के साथ साथ बिस्तरों की संख्या में वृद्धि और सेवाओं को प्रभावशाली बनाने पर चर्चा हुई जिससे हर रोज बढते मामलों से कारगर ढंग से निपटा जा सके।
प्रधानमंत्री ने अधिकार प्राप्त समूह की शहर और जिले वार सिफारिशों का संज्ञान लिया। उन्हें इन शहरों की अस्पताल में बिस्तरों और आइसोलेशन वार्ड की जरूरतों की जानकारी भी दी गयी। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्रालय को राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के साथ सलाह कर आपात योजना बनाने को भी कहा। मानूसन का उल्लेख करते हुए उन्होंने मंत्रालय से कहा कि इसे ध्यान में रखकर उचित तैयारी किये जाने की जरूरत है।
कई राज्यों , जिलों और शहरों के कोरोना से निपटने तथा उस पर नियंत्रण करने में सफलता रहने का भी बैठक में उल्लेख किया गया। यह कहा गया कि सफलता के इन अनुभवों का प्रचार कर दूसरों के साथ इसे साझा किया जाना चाहिए जिससे कि वे भी इन कामों के लिए प्रेरित हों


Post A Comment: