सोमनाथ सोनकर
हिन्द न्यूज़ टाइम्स
बस्ती
बस्तीः शहरी क्षेत्र में जगह जगह जाम झेल रहे लोगों के लिये
बुधवार का दिन खुशखबर देने वाला था लेकिन सड़क की पटरियों पर अवैध कब्जा जमाये व्यापारियों पर आफत आई थी। दरअसल कंपनी बाग से फौव्वारा तिराहे तक रोज जाम लगता है। प्रशासन ने मन बनाया तो एक घंटे से कम समय में अतिक्रमण मुक्त हो गई। बुधवार की शाम 5.30 बजे तीन जेसीबी लेकर निकले एसडीएम श्रीप्रकाश शुक्ल व ईओ नगर पालिका अखिलेश त्रिपाठी ने पांच सौ मीटर सड़क की दोनो पटरियों पर हुए 100 से अधिक अतिक्रमण को हटवा दिया। प्रशासन व नगर पालिका के संयुक्त अभियान से सड़क की पटरियों पर कब्जा जमाए लोगों में हड़कंप मचा रहा। इस दौरान तीन जेसीबी से पटरियों पर हुए कब्जे हटाए गए और कुछ स्थायी अतिक्रमण को भी ढहा दिया गया।
कुछ अतिक्रमणकारियों ने इधर-उधर से सिफारिश कर राहत चाहा लेकिन अधिकारियों ने किसी की एक नहीं सुनी और लगातार कंपनीबाग तक पूरी पटरी खाली करवाने में जुटे रहे। आपको बता दें जिलाधिकारी के निर्देश पर की जा रही कार्यवाही के क्रम मे शहर के कई और हिस्सों मे अवैध कब्जों पर बुलडोजर चल सकता है।


Post A Comment: