भोपाल : महाराष्ट्र के औरंगाबाद-जालना मार्ग पर रेल हादसे में मारे गए सभी 16 प्रवासी मजदूरों की पहचान कर ली गई है। मारे गए सभी मजदूर मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के रहने वाले थे। सूत्रों के मुताबिक सभी मजदूर औरंगाबाद-जालना रेल मार्ग पर पटरियों के पास सो रहे थे। सुबह करीब 6.30 बजे सो रहे सभी मजदूरों के ऊपर से एक मालगाड़ी गुजर गई, जिससे सभी की मौके पर मौत हो गई। बताया गया है कि मारे गए सभी मजदूर पटरी के रास्ते पैदल भूसावल की ओर जा रहे थे।
इस बीच, महाराष्ट्र के सीएमओ की तरफ से कहा गया है कि हादसे में सभी लोगों के इलाज का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से यह भी कहा गया है कि प्रवासी मजदूरों को उनके गृहराज्यों तक पहुंचाने को लेकर केंद्र सरकार से बातचीत जारी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रवासी मजदूरों को हिम्मत नहीं हारने और संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि आज की इस रेल हादसे में मारे गए हर मजदूर के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक ये प्रवासी मजदूर करीब 50 किलोमीटर पैदल तय करने से थक गए और ट्रैक पर ही आराम करने लगे। थकान की वजह से ज्यादातर लोगों को नींद आ गई और वह पटरी पर ही सो गए। इसी दौरान वहां से मालगाड़ी गुजरी और सभी 16 मजदूर ट्रेन की चपेट में आ गए। औरंगाबाद के एसपी मोक्षदा पाटिल के मुताबिक मारे गए सभी मजदूर भुसावन से स्पेशल ट्रेन के जरिए मध्य प्रदेश के शहडोल जाना चाहते थे।
Share To:

Post A Comment: