नयी दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि सरकार द्वारा सात मई को वंदे भारत मिशन शुरू किए जाने के बाद से विदेशों में फंसे 1.07 लाख से ज्यादा भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाया गया है। मंत्रालय ने कहा कि 13 जून को दूसरा चरण पूरा होने के बाद सरकार तीसरे चरण के लिए तैयारी कर रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने बताया, ''इस चरण में 31 देशों से 337 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से करीब 38,000 लोगों को लाए जाने की संभावना है।''
मिशन के पहले चरण में सात मई से 15 मई तक सरकार 12 देशों से करीब 15,000 लोगों को लेकर आयी।
वतन आने वालों में 17,485 प्रवासी श्रमिक, 11,511 छात्र और 8,633 पेशेवर भी शामिलहैं। उन्होंने कहा कि नेपाल, भूटान और बांग्लादेश सीमा से 32,000 लोग आए। कुल 3,48,565 लोगों ने वापसी के लिए भारतीय मिशनों में पंजीकरण कराया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि तीसरे चरण में और क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा।


Post A Comment: